GLOBAL AWAAZ मुख्य पृष्ठ पर लौटें
Education

मेन रोड हनुमान मंदिर परिसर में 12 दुकानों का संचालन बंद, अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई

G
Global Awaaz Admin
Chief Editor & Administrator at Global Awaaz.
12:56 pm| 6 October 2026| 5 min read|
मेन रोड हनुमान मंदिर परिसर में 12 दुकानों का संचालन बंद, अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई

रांची, 6 अक्टूबर 2026: श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर परिसर की गरिमा और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने मेन रोड स्थित हनुमान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मंदिर परिसर में संचालित 12 दुकानों का संचालन बंद कराया गया।

रांची नगर निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व में हनुमान मंदिर समिति के सदस्यों और समाजसेवियों के साथ बैठक कर मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और नागरिकों से प्राप्त सुझावों पर चर्चा की गई थी। बैठक के बाद मंदिर परिसर में पूजा एवं धार्मिक गतिविधियों के अतिरिक्त संचालित व्यावसायिक गतिविधियों को 48 घंटे के भीतर स्वयं बंद करने का निर्देश दिया गया था।

निर्देशों का पालन नहीं करने पर हुई कार्रवाई

निर्धारित समय के बाद नगर निगम की टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किए जाने और व्यावसायिक गतिविधियां जारी रहने की जानकारी मिली।

इसके बाद नगर निगम की टीम ने मंदिर परिसर में एनाउंसमेंट कराया और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 12 दुकानों का संचालन बंद कराया।

डेली मार्केट और आसपास के इलाकों में भी चला अभियान

नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने हनुमान मंदिर परिसर के साथ-साथ डेली मार्केट क्षेत्र, एसएन गांगुली मार्ग, विष्णु गली और कनेक्टिंग मार्गों में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्गों पर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान 5 ठेला और 2 गुमटी जब्त किए गए।

मंदिर के सामने वाहन खड़ा करने पर रोक

मंदिर के सामने वाहनों के अनियंत्रित पड़ाव के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने मंदिर के सामने वाहनों को खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डेली मार्केट के निकट स्थित टैक्सी स्टैंड में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सीमांकन भी किया गया है।

धार्मिक गतिविधियों को प्रभावित करना उद्देश्य नहीं

रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य किसी भी धार्मिक गतिविधि को प्रभावित करना नहीं है। निगम के अनुसार, कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मंदिर परिसर की गरिमा बनाए रखना, श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना, सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखना और यातायात को सुगम बनाना है।

नगर निगम ने कहा कि मंदिर परिसर में धार्मिक गतिविधियां व्यवस्थित रूप से संचालित हों और आसपास के सार्वजनिक मार्ग नागरिकों के निर्बाध आवागमन के लिए उपलब्ध रहें, इसे सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

"The convergence of information, technology, and global transparency represents the foundation of responsible journalism."

इस खबर को सोशल मीडिया पर शेयर करें

व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक या डायरेक्ट लिंक द्वारा साझा करें