आयकर विभाग की FAST-DS 2026 (Foreign Assets of Small Taxpayers - Disclosure Scheme, 2026) योजना के तहत पात्र करदाताओं को अपनी अघोषित विदेशी संपत्तियों और आय का खुलासा करने का एकमुश्त अवसर दिया जा रहा है। इस योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
आयकर विभाग के एडिशनल कमिश्नर अभिषेक कुमार ने बताया कि वित्त अधिनियम, 2026 के तहत शुरू की गई यह एक स्वैच्छिक प्रकटीकरण योजना है। इसका उद्देश्य छोटे करदाताओं को अपनी विदेशी संपत्तियों और आय का विवरण घोषित करने का अवसर देना है, ताकि वे निर्धारित शुल्क का भुगतान कर अनुपालन सुनिश्चित कर सकें।
दो श्रेणियों में मिलेगा खुलासा करने का विकल्प
योजना के तहत जिन विदेशी संपत्तियों को भारत में पहले से टैक्स चुकाई गई आय से खरीदा गया है और जिनका कुल मूल्य 5 करोड़ रुपये तक है, उन्हें 1 लाख रुपये के एकमुश्त शुल्क का भुगतान करके घोषित किया जा सकता है।
वहीं, अन्य पात्र अघोषित विदेशी संपत्तियों के मामले में, जिनका उचित बाजार मूल्य (Fair Market Value) 1 करोड़ रुपये तक है, उनके मूल्य का 60 प्रतिशत निर्धारित कर और शुल्क के रूप में देना होगा।
31 दिसंबर तक करना होगा आवेदन
FAST-DS 2026 छोटे करदाताओं को अपनी विदेशी संपत्तियों से जुड़ी जानकारी स्वेच्छा से घोषित करने का अवसर प्रदान करती है। पात्र लोगों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाना होगा। अंतिम तिथि के बाद इस विशेष अवसर का लाभ नहीं मिल सकेगा।

