बिहार की राजनीति में विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद आरजेडी एमएलसी संजीव कुमार सिंह का बयान चर्चा में आ गया है। शपथ लेने के बाद उन्होंने 'जय परशुराम' के नारे लगाए और खुद को भगवान परशुराम का वंशज बताया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को ए टू जेड की पार्टी बताते हुए कहा कि पार्टी को लेकर समाज में गलत धारणा बनाई गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी आवाज को दबाने की कोशिश करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बिहार विधान परिषद में 8 नवनिर्वाचित MLC ने ली शपथ
बिहार विधान परिषद में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित कुल आठ नवनिर्वाचित विधान पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। विधान परिषद सभागार में कार्यकारी सभापति रामवचन राय ने सभी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
शपथ लेने वाले सदस्यों में नीरज कुमार, संजीव कुमार सिंह, बंशीधर ब्रजवासी, डॉ. एनके यादव, नरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. राहुल राज, सुरेश प्रसाद राय और अनिल कुमार झा शामिल रहे।
शपथ के बाद लगाए 'जय परशुराम' के नारे
शपथ ग्रहण के बाद आरजेडी के नवनिर्वाचित एमएलसी संजीव कुमार सिंह ने 'जय परशुराम' के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि हम भगवान परशुराम के वंशज हैं और जिस जगह भी रहेंगे, भगवान परशुराम का झंडा बुलंद करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आरजेडी में जय श्रीकृष्ण, जय श्रीराम और जय परशुराम के नारे भी लगेंगे।
RJD को बताया ए टू Z की पार्टी
संजीव कुमार सिंह ने आरजेडी को लेकर बनाई जा रही नकारात्मक धारणा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल के बारे में गलत प्रचार किया जा रहा है, जबकि पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि सवर्ण समाज से आने के बावजूद आरजेडी ने उन्हें मौका दिया और आज वह पार्टी के एमएलसी के रूप में शपथ ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ब्राह्मण और भूमिहार समाज के लोग भी आरजेडी को पसंद करते हैं। इसी वजह से उन्होंने पार्टी से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
'हमारी आवाज दबाने वाला मिट्टी में मिल जाएगा'
अपने बयान में संजीव कुमार सिंह ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा, "हमारी आवाज को दबाने की जो कोशिश करेगा, वह मिट्टी में मिल जाएगा।" उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि वह एमएलसी के रूप में पूरी ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
वित्त रहित शिक्षकों और सातवें वेतनमान का मुद्दा उठाया
संजीव कुमार सिंह ने शपथ लेने के बाद अपनी प्राथमिकताएं भी बताईं। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य वित्त रहित शिक्षकों को न्याय दिलाना और उन्हें वेतनमान दिलाने के लिए आवाज उठाना होगा। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षकों के लिए सातवें वेतनमान को लागू कराने का मुद्दा भी वह विधान परिषद में उठाएंगे।
उन्होंने संकेत दिया कि शिक्षकों के अधिकार और वेतन से जुड़े मुद्दे उनके कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे। अब उनके इस बयान और शिक्षकों के मुद्दों पर आगामी विधान परिषद सत्र में उनकी भूमिका पर नजर रहेगी।

