GLOBAL AWAAZ मुख्य पृष्ठ पर लौटें
Politics

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर झारखंड भाजपा ने दी श्रद्धांजलि, अंत्योदय के विचारों को किया याद

N
Naveen Kumar
Editor & Correspondent at Global Awaaz
08:06 am| 25 September 2026| 5 min read|
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर झारखंड भाजपा ने दी श्रद्धांजलि, अंत्योदय के विचारों को किया याद

रांची: झारखंड प्रदेश भाजपा की ओर से महान राष्ट्रवादी विचारक, एकात्म मानववाद के प्रणेता और अंत्योदय के प्रेरणास्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। देशभर की तरह झारखंड में भी उनकी जयंती को अंत्योदय दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को स्मरण किया।

प्रदेश भाजपा कार्यालय के साथ-साथ पंडित दीनदयाल नगर स्थित उनकी प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की।

गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित था जीवन: आदित्य साहू

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन समाज के गरीब, पिछड़े, शोषित और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास और उन्नति की चिंता की।

आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

राष्ट्र प्रथम और उच्च नैतिक मूल्यों के पक्षधर थे दीनदयाल जी: बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन त्याग, तपस्या और सेवा से भरा रहा। वे राष्ट्र प्रथम के आदर्शों और उच्च नैतिक मूल्यों का पालन करने वाले महान विचारक थे।

उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय, एकात्म मानववाद और वसुधैव कुटुम्बकम जैसे विचारों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के लिए नई दिशा दिखाई। समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का उनका संकल्प आज भी जनसेवा और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा देता है।

राष्ट्रसेवा को समर्पित कर दिया जीवन: कर्मवीर सिंह

भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और संघर्ष से देश के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कम उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर अपना जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित कर दिया।

कर्मवीर सिंह ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने ‘राष्ट्रधर्म’ और ‘पांचजन्य’ जैसी पत्रिकाओं के माध्यम से राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। वे जातिवाद जैसी संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर समाज की एकता और राष्ट्रहित के लिए कार्य करते रहे।

कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, अमर कुमार बाउरी, रांची विधायक सीपी सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमरदीप यादव, सुनीता सिंह, शालिनी बैसिखियार, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, सूरज चौरसिया, मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, शोभा यादव, केके गुप्ता, उपमेयर नीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और विकास का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।

"The convergence of information, technology, and global transparency represents the foundation of responsible journalism."

इस खबर को सोशल मीडिया पर शेयर करें

व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक या डायरेक्ट लिंक द्वारा साझा करें