रांची: राजधानी रांची के प्रमुख हरमू चौक का नाम बदलकर अब ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ रखा गया है। भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में चौक का नामकरण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया।
नामकरण कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ता जुलूस के रूप में ढोल-नगाड़ों के साथ हरमू चौक पहुंचे।
विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की पहल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य देश के हर नागरिक की भागीदारी से ही पूरा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि हरमू चौक से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। ऐसे में ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ नाम लोगों को विकसित भारत के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका की याद दिलाता रहेगा।
युवाओं, महिलाओं और किसानों की भागीदारी पर जोर
आदित्य साहू ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब समाज के सभी वर्ग विकास की प्रक्रिया में शामिल होंगे। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत बताई।
उन्होंने सुशासन, पारदर्शिता, नवाचार, ‘मेक इन इंडिया’, उद्यमिता, शिक्षा और स्वास्थ्य को विकसित भारत की यात्रा के महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
नामकरण कार्यक्रम में हेमंत दास, शशांक राज, संदीप वर्मा, शोभा यादव, सतीश सिन्हा, सीमा सिंह, सूरज शाहदेव, रमेश सिंह, वरुण साहू, आरती सिंह, सुनील साहू, सुचिता सिंह, रंजीता सिंह और ललित ओझा समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

