EPFO WhatsApp Service: व्हाट्सऐप पर PF बैलेंस चेक करने में आ रही परेशानी, यूजर्स को दिख रहा एरर मैसेज
नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने हाल ही में कर्मचारियों की सुविधा के लिए व्हाट्सऐप के माध्यम से PF से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने की नई सुविधा शुरू की है। इस सर्विस की मदद से कर्मचारी अपना पीएफ बैलेंस चेक करने, पिछले पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी हासिल करने और ई-पासबुक डाउनलोड करने जैसे काम सीधे व्हाट्सऐप पर कर सकते हैं।
हालांकि, नई सुविधा शुरू होने के बाद से ही यूजर्स को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। Navbharat Times की टेक टीम ने जब इस सर्विस को इस्तेमाल करके देखा, तो PF बैलेंस और ई-पासबुक से जुड़े विकल्प चुनने पर स्क्रीन पर एरर मैसेज दिखाई दिया। इससे फिलहाल इस सुविधा के पूरी तरह काम करने पर सवाल उठ रहे हैं।
WhatsApp पर मिलेंगी PF से जुड़ी ये सुविधाएं
EPFO की इस नई पहल की शुरुआत केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने रविवार को संगठन के 74वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान की।
इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को PF से संबंधित सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराना है। अक्सर EPFO पोर्टल पर सर्वर की समस्या, OTP मिलने में देरी या UMANG ऐप में परेशानी के कारण लोगों को अपना PF विवरण देखने में दिक्कत होती है।
नई WhatsApp सर्विस के जरिए कर्मचारियों को ये सुविधाएं मिलनी हैं:
PF बैलेंस चेक: कर्मचारी अपने प्रोविडेंट फंड खाते में जमा कुल राशि की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
पिछले 5 ट्रांजैक्शन की जानकारी: खाते में हुए पिछले पांच लेनदेन का विवरण व्हाट्सऐप पर देख सकेंगे।
ई-पासबुक डाउनलोड: कर्मचारी अपनी PF ई-पासबुक PDF फॉर्मेट में सीधे WhatsApp चैट के जरिए डाउनलोड कर सकेंगे।
फिलहाल सर्विस में आ रही तकनीकी दिक्कत
हालांकि EPFO की इस पहल से कर्मचारियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है, लेकिन शुरुआती इस्तेमाल में तकनीकी खामी सामने आई है। PF बैलेंस या पासबुक देखने का विकल्प चुनने पर एरर मैसेज मिलने के कारण यूजर्स फिलहाल इन सेवाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
अगर यह सुविधा पूरी तरह सुचारू रूप से काम करने लगती है, तो कर्मचारियों को PF से जुड़ी सामान्य जानकारी के लिए बार-बार EPFO वेबसाइट या UMANG ऐप पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

