रांची। दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को धुर्वा स्थित मेफेयर बैंक्वेट हॉल में जगन्नाथ नगरीय दुर्गा पूजा समिति, धुर्वा की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत प्रशासन एवं पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में 35 दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दिए जरूरी निर्देश
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और एसएसपी राकेश रंजन ने सभी पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया गया।
प्रशासन से समन्वय बनाए रखने की अपील
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी पूजा समितियों से अपील की कि वे जिला प्रशासन और पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें। किसी भी तरह की समस्या या आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया।
अधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग से दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण, भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकता है। वहीं, जगन्नाथ नगरीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा शांति समिति के सदस्य अजीत सहाय, जयसिंह यादव, रविंद्र सिंह, पूजा समिति के अध्यक्ष राजू रंजन, पवन कुमार सिंह, वार्ड पार्षद सुचित्रा रानी, पूर्व पार्षद उर्मिला यादव समेत पूजा समिति के पदाधिकारी, सदस्य और संबंधित लोग बैठक में शामिल हुए।
जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर सभी समितियों से जिम्मेदारी के साथ प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

