रांची: दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन और अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा समितियों की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंचेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पंडाल समितियों को सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहने को कहा गया है।
इन प्रमुख पूजा पंडालों का किया गया निरीक्षण
जिला प्रशासन की टीम ने शहर के कई प्रमुख पूजा पंडालों का दौरा किया। इनमें आरआर स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाईपास रोड स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडाल शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंडालों की संरचना, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
फायर सेफ्टी और इमरजेंसी एग्जिट पर विशेष जोर
प्रशासन ने पूजा समितियों को पंडाल परिसर और आसपास पर्याप्त फायर फाइटिंग सिस्टम और अग्निशमन उपकरण रखने के निर्देश दिए हैं। पंडाल की संरचना निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखने के साथ आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए इमरजेंसी एग्जिट को हमेशा अवरोधमुक्त रखने को कहा गया है।
पंडाल में ज्वलनशील पदार्थों या किसी अन्य जोखिम वाली सामग्री के इस्तेमाल को लेकर भी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
महिला और पुरुषों के लिए अलग प्रवेश-निकास
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पंडालों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास की व्यवस्था करने को कहा गया है। भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित और योग्य स्वयंसेवकों की तैनाती का भी निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि पूजा के दौरान किसी को परेशानी न हो।
बिजली व्यवस्था और CCTV की भी होगी निगरानी
अधिकारियों ने पंडाल समितियों को विद्युत व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है। खुले या असुरक्षित बिजली के तारों को व्यवस्थित करने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा गया है।
पंडाल और आसपास के इलाकों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और CCTV कैमरे लगाने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही पार्किंग, यातायात व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी निर्देश
दुर्गापूजा के दौरान पंडालों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूजा समितियों को ट्रैफिक पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो और शहर में अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।
प्रशासन ने यह भी कहा कि अगर किसी पंडाल में भीड़ का अत्यधिक दबाव बनने लगे तो तत्काल भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था लागू की जाए।
संदिग्ध गतिविधि की तुरंत दें सूचना
जिला प्रशासन ने पूजा समितियों और स्वयंसेवकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को देने को कहा है। पूजा समिति के प्रमुख पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के संपर्क नंबर संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के पास उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके।
प्रशासन और पूजा समितियों के बीच लगातार रहेगा समन्वय
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने पूजा समितियों से जिला प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर प्रशासन और पुलिस की सतत निगरानी रहेगी।
उन्होंने पूजा समितियों से अपील की कि सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम पहले से पूरे कर लिए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, एडीएम धनंजय, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं से भी प्रशासन की अपील
रांची जिला प्रशासन ने पूजा समितियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं से भी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को सफल बनाने में पूजा समितियों, पुलिस, प्रशासन और आम नागरिकों की संयुक्त भागीदारी जरूरी है।
जन शिकायत के लिए रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर: 9430328080

